कोरिया बैकुंठपुर। दीपावली से पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने से किसानों को आर्थिक सहायता मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से पात्र किसानों के बैंक खातों में राशि अंतरित की। इस अवसर पर ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ मनाया गया।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में कोरिया जिले के कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में हितग्राही किसान तथा कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी लाइव वेबकास्ट के माध्यम से मुख्य कार्यक्रम से जुड़े।
कृषि विभाग के उप संचालक राजेश भारती ने जानकारी दी है कि कोरिया जिले के 31,637 किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 6.36 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। इससे पहले योजना की 23वीं किस्त के अंतर्गत जिले के 32,870 किसानों को 6.37 करोड़ रुपए का लाभ मिला था।
सम्मान निधि मिलने पर किसानों ने राशि के उपयोग की अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। ग्राम ढोढ़ीबहरा, पंचायत अमरपुर निवासी 61 वर्षीय किसान रामनारायण ने बताया कि वे इस राशि का उपयोग खेती-किसानी और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में करेंगे।
सलका निवासी किसान श्यामलाल चिकनजूरी ने बताया कि यह सहायता बच्चों की पढ़ाई, खेती-किसानी और रोजमर्रा के खर्चों में काम आएगी। वहीं, ढोढ़ीबहरा पंचायत निवासी 50 वर्षीय किसान भईयालाल सोनवानी ने बताया कि वे प्राप्त राशि का उपयोग खेती के कार्यों, विशेष रूप से धान की कटाई और मिसाई में करेंगे।
आयोजन के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने सभी जिलों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। किसानों ने पीएम इंडिया वेबकास्ट के माध्यम से मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

0 टिप्पणियाँ