राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं-कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, बंटवारा, नामांतरण, स्वामित्व योजना और डिजिटल क्रॉप सर्वे सहित राजस्व कार्यों की समीक्षा


कोरिया बैकुंठपुर। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने 30 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बंटवारा, नामांतरण सहित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित राजस्व प्रकरणों, नक्शा बटांकन और स्वामित्व योजना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों में रिकॉर्ड दुरुस्ती के बाद ही प्रकरण नस्तीबद्ध करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने एग्रीस्टैक और डिजिटल क्रॉप सर्वे के अंतर्गत ई-गिरदावरी की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने गिरदावरी कार्य पर विशेष ध्यान देने और संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में ऑटो डायवर्सन की प्रगति तथा बाढ़ एवं आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों की भी समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ