कोरिया बैकुंठपुर । खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ , रायपुर के निर्देशानुसार तथा श्रीमती रोक्तिमा यादव, कलेक्टर, जिला कोरिया के मार्गदर्शन में युवाओं के मध्य पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन आज 31 अक्टूबर 2026 को मानस भवन, बैकुण्ठपुर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 450 युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भैयालाल राजवाड़े, विधायक एवं पूर्व मंत्री रहे। कार्यक्रम में श्रीमती वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, शैलेश शिवहरे, पूर्व अध्यक्ष, श्रीमती स्नेहलता, जिला पंचायत सदस्य, श्रीमती सुषमा कोरम, जिला पंचायत सदस्य तथा श्रीमती शिवकुमारी, जिला पंचायत सदस्य सहित शिक्षकगण, अधिकारी-कर्मचारी, निर्णायकगण, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि भैयालाल राजवाड़े ने किया युवाओं का उत्साहवर्धन
मुख्य अतिथि भैयालाल राजवाड़े, विधायक एवं पूर्व मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और नई सोच की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि युवा उत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी कला, संस्कृति एवं रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारें और अपने जिले, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करें।
श्रीमती वंदना राजवाड़े ने युवाओं को दी शुभकामनाएं
श्रीमती वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा उत्सव जिले के युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उसे आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उन्हें अपनी कला एवं रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
शैलेश शिवहरे ने कहा—युवा शक्ति ही देश की ताकत
शैलेश शिवहरे, पूर्व अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देना समय की आवश्यकता है। युवा उत्सव के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को एक मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल, कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास किया जा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
युवा उत्सव में लगभग 450 प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा एवं ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रेक’ सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़’ थीम पर आयोजित क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज के माध्यम से युवाओं ने नशामुक्त समाज एवं विकसित छत्तीसगढ़ का संदेश दिया। वहीं ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रेक’ के माध्यम से युवाओं ने देश के समावेशी विकास से संबंधित अपने अभिनव विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
युवा उत्सव के सफल आयोजन में संबंधित विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकगण, निर्णायकगण, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





0 टिप्पणियाँ