छठ महापर्व को लेकर नगर पालिका की तैयारियां तेज, छठ घाट का होगा कायाकल्प... छठ पूजा से पूर्व शुरू होगा रेलवे पुल..... सीएमओ की सराहनीय पहल...श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन पर विशेष जोर....


नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कालरी...... आगामी छठ महापर्व को देखते हुए नगर पालिका शिवपुर-चरचा द्वारा छठ घाट में व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन घाट की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण के साथ आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है। विशेष बात यह है कि छठ घाट तक पहुंचने के लिए पूर्व में क्षतिग्रस्त हो चुके एक वैकल्पिक मार्ग को भी सीसी ढलाई कर पुनः उपयोग योग्य बनाया जा रहा है। इसके बन जाने से सड़क पर भीड़ नहीं होगी और दो रास्ते से आवा गमन होगा वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग से नगर पालिका क्षेत्र चरचा आने के लिए मुख्य रूप से एक ही मार्ग उपलब्ध है, जो काफी संकरा है। इस मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन भी सुचारू रूप से नहीं हो पाता। ऐसे में छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग को भी तैयार किया जा रहा है। 

नगर पालिका शिवपुर-चरचा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान स्वयं व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। उनकी कार्यशैली की विशेषता है कि क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी मिलते ही वे संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर त्वरित पहल करती हैं। छठ पर्व जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर भी उन्होंने व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने की दिशा में सक्रियता दिखाई है।

सीएमओ मुक्ता सिंह चौहान ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर छठ घाट में साफ-सफाई, रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरसंभव व्यवस्था कराई जा रही है। आवागमन को सुगम बनाने के लिए वैकल्पिक मार्ग पर भी कार्य कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पर्व को बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह प्रयासरत है। इसमें आम नागरिकों का सहयोग भी अपेक्षित है।नगर पालिका प्रशासन की यह सक्रियता छठ पर्व की तैयारियों को लेकर स्थानीय नागरिकों में सकारात्मक संदेश दे रही है।

छठ पूजा से पहले शुरू होगा रेलवे का क्षतिग्रस्त पुल, सीएमओ की पहल लाई रंग.....चरचा नगर में आवागमन की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। छठ महापर्व से पहले रेलवे द्वारा क्षतिग्रस्त पुल के मार्ग को हल्के वाहनों के आवागमन के लिए प्रारंभ किए जाने की संभावना है। इससे नगर में यातायात का दबाव कम होने के साथ ही छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सहूलियत मिल सकती है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से चरचा आने वाला मुख्य मार्ग भारी वाहनों के आवागमन के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद संबंधित मार्ग को बंद कर रेलवे द्वारा मरम्मत एवं निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। मार्ग बंद होने के कारण वर्तमान में चरचा आने-जाने के लिए सीमित रास्ता ही उपलब्ध है, जो काफी संकरा होने के कारण यातायात की दृष्टि से परेशानी का कारण बना हुआ है।

छठ महापर्व के दौरान चरचा क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसी स्थिति में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका शिवपुर-चरचा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान ने अंबिकापुर डिवीजन के सीनियर सेक्शन इंजीनियर से संपर्क कर रेलवे के क्षतिग्रस्त पुल वाले मार्ग को छठ पूजा से पूर्व प्रारंभ करने का अनुरोध किया।

सीएमओ की पहल पर रेलवे अधिकारियों द्वारा छठ पूजा के पूर्व उक्त मार्ग को हल्के वाहनों के आवागमन के लिए प्रारंभ करने की बात कही गई है। यदि निर्धारित समय पर मार्ग चालू हो जाता है तो इससे चरचा नगर की यातायात व्यवस्था को काफी राहत मिलेगी।

नगर पालिका सीएमओ श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए केवल नगर पालिका के संसाधनों पर निर्भर रहने के बजाय दूसरे विभागों से समन्वय स्थापित करना भी कितना महत्वपूर्ण है। पर्व के मद्देनजर समय रहते रेलवे अधिकारियों से संवाद स्थापित कर उन्होंने नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ